जन्म दिवस गांधी का आया

                   — भूपसिंह ‘भारती’
जन्म दिवस गांधी का आया।
सबने मिलकर  खूब मनाया।
स्वच्छ  भारत  स्वस्थ  भारत,
सुंदर  सपना  हमें  दिखाया।

सत्य अहिंसा को अपनाया।
मन में प्रेम भाव जगाया।
रंग भेद की लड़ी लड़ाई,
दुनिया में परचम फहराया।

सबको अपने साथ मिलाया।
आजादी का बिगुल बजाया।
हिन्दू मुस्लिम मिलकर लड़ना,
गांधी जी ने यह समझाया।

तकली चरखा खूब चलाया,
घर घर में खद्दर बनवाया,
पहन लँगोटी खादी की,
स्वदेशी आंदोलन चलाया।

असहयोग आंदोलन आया
सविनय अवज्ञा में उलझाया
अंग्रेजों अब भारत छोड़ो,
गांधी ने ऐलान कराया।

ऊंच नीच का भेद मिटाया,
छुवाछूत को दूर भगाया,
मानव स्वाभिमान जगाने,
सबको अपने गले लगाया।

गांधी दर्शन ने सिखलाया
समता का सपना दिखलाया,
आओ सबक वही याद करें,
जो गांधी ने पाठ पढ़ाया।

              भूपसिंह ‘भारती’

Leave a comment